
बीदासर, सुजानगढ़ विधायक खेमाराम मेघवाल ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में सुजानगढ़ व बीदासर उपखण्ड में पानी व बिजली की व्यवस्था चौपट पड़ी है। आमजन को पर्याप्त जलापूर्ति व बिजली नहीं मिलने से भारी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को चाहिए कि वे अपनी जिम्मेदारी का बख्ूाबी निर्वहन कर आमजन को राहत प्रदान करे। विधायक ने कहा कि पानी व बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में अधिकारियों की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। विधायक मेघवाल बुधवार को नगरपालिका सभागार में सुजानगढ़ व बीदासर उपखण्ड स्त्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने विभागों के कार्यों का फीडबैक लेते हुये जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहरी क्षेत्रों में पड़े लीकेज को यथाशीघ्र सुधारे तथा ऐसे क्षेत्र जहां पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है वहां टेंकरों से जलापूर्ति करे। विधायक ने कहा कि सुजानगढ़ व बीदासर में जलापूर्ति की समस्या चिन्तनीय है। विभाग के एईएन रामेश्वर चौधरी ने संसाधनों की कमी का रोना रोया। बिजली समस्या पर विधायक ने कहा कि फसल का समय है ऐसे में किसानों को कम से कम सात घण्टे बिजली मिले ऐसे प्रयास विभाग को करने होंगे। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे किसानों को कृषि उन्नयन की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्रयास करे। चिकित्सा व्यवस्था पर विधायक ने कहा कि मौसमी बीमारियों के प्रभावी रोकथाम के लिए चिकित्साकर्मी मुस्तैदी से कार्य करे।
महिला व बाल विकास विभाग के कार्मिकों को आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त पड़े पदों को भरने, आबकारी सीआई को अवैद्य शराब पर रोक लगाने, जिला परिवहन अधिकारी को ऑवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करने, सुजानगढ़ विकास अधिकारी नरेगा में यूसी व सीसी बनाने की बात कही। बैठक में मौजूद बीदासर उपखण्ड अधिकारी अनिल मेहला ने कहा कि सभी सरकारी कार्मिक समन्वित प्रयास कर आमजन की समस्याओं का समय पर निस्तारण करे तथा अपने कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करे। बैठक में जलदाय विभाग के गंगाराम मोर्य, सीताराम, बीदासर चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद गौड़, डिस्कॉम के महेश भाटी, वन विभाग के लखूसिंह भाटी, सहायक कृषि अधिकारी शंकरलाल, सुजानगढ़ पंचायत समिति के विकास अधिकारी सीसी मीणा, पंचायत प्रसार अधिकारी हंसराज मीणा, आबकारी सीआई रामेश्वरलाल, पुलिस उपाधीक्षक हेमाराम चौधरी, थानाधिकारी किशनलाल चौहान, बीदासर तहसीलदार सुशील कुमार सैनी व पालिका अधिशाषी अधिकारी राकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बिगड़ी पेयजल आपूर्ति पर जताया आक्रोश
उपखण्ड स्त्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में बीदासर व सुजानगढ़ क्षेत्र में बिगड़ी पेयजल व बिजली सप्लाई व्यवस्था का मुद्दा छाया रहा। बैठक के दौरान बीदासर के नागरिकों ने विधायक के समक्ष शहरी क्षेत्र में चरमराई जलापूर्ति पर आक्रोश जताया। बैठक के दौरान लोगों ने विधायक को अवगत कराया कि जलदाय विभाग के कार्मिकों की लापरवाही से क्षेत्र के लोगों में पीने के पानी को लेकर त्राही-त्राही मची हुई है। जिस पर विधायक ने मौजूद अधिकारियों को शीघ्र व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये।
अस्पताल की व्यवस्थाओं की लिया जायजा
विधायक खेमाराम मेघवाल ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक के पश्चात राजकीय टांटिया चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नि:शुल्क दवा योजना के अलावा अस्पताल की समस्याओं की जानकारी ली। वरिष्ठ चिकित्सा प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद गौड़ ने अस्पताल में एक्सरे व सोनाग्राफी मशीन लगाने की मांग के साथ-साथ रिक्त पड़े चिकित्साकर्मियों के पदों को भरने की मांग की। इस दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजकुमार सोनी, पालिकाध्यक्ष हुक्मीचंद गुसाईवाल, प्रहलाद जाखड़, बुद्धिप्रकाश सोनी, उपखण्ड अधिकारी अनिल मेहला, तहसीलदार, सुशील कुमार सैनी, पार्षद विमल टेलर, मेहराज उल हसन, सांवरमल जाखड़, महावीर सिंघी, राजेश बैंगानी व महेन्द्र सिंघी सहित कई नागरिक मौजूद थे।













