बीदासर फायरिंग प्रकरण में 6 गिरफ्तार, एक फरार, पांच पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक मय कारतूस बरामद

Raju Teht gang

(राजकुमार चोटिया)

गुरूवार सुबह निकटवर्ती कस्बे बीदासर में हुई फायरिंग के आरोपियों को नाकेबंदी के दौरान बीकानेर जिले की श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस उप अधीक्षक जगदीश बोहरा के अनुसार गैंगस्टर देवीसिंह जाट निवासी ढ़ढेरू ने अपने 5-6 हथियार बंद साथियों के साथ बिना नम्बरी सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी में बीदासर सब्जी मण्डी के पास प्रोपर्टी डीलर बाबूलाल के ऑफिस पंहूचकर उसे जान से मारने की नियत से 8-10 राउण्ड गोलियां चलाई तथा उसके साथियों द्वारा सरियों से मारपीट कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर गाड़ी सहित भाग गये।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीवराजसिंह मौके पर पंहूचे तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष चूरू के माध्यम से घटना की सूचना जिला नागौर, बीकानेर, सीकर व चूरू को दी जाकर नाकाबंदी करवाई गई। बदमाशों की मूवमेन्ट की जानकारी बीकानेर की ओर मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चूरू द्वारा बीकानेर रोड़ स्थित समस्त थानाधिकारियों से व्यक्तिगत बात कर कड़ी हथियारबंद नाकेबंदी करवाई गई। बदमाशों की श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में उपस्थिति मिलने पर वृताधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के नेतृत्व में थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़, सेरूणा व हाईवे मोबाइल पार्टी श्रीडूंगरगढ़ द्वारा मय जाप्ते के बदमाशों की घेराबंदी की गई। डीएसपी जगदीश बोहरा से मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों की धरपकड़ के दौरान बदमाशों ने थानाधिकारी श्रीडूंगरगढ़ की गाड़ी को टक्कर मारी।

बदमाश हरिराम उर्फ हरि पुत्र अमराराम कड़वासरा निवासी पलाना पुलिस थाना देशनोक ने अपनी पिस्टल से व देवीसिंह जाट निवासी ढ़ढेरू ने 12 बोर की बंदूक से पुलिस जाप्ते को जान से मारने की नियत से फायर किये। पुलिस ने साहस व संयम का परिचय देते हुए 6 बदमाशों को मय हथियार व गाड़ियों के पकड़ लिया। जिनके कब्जे से एक बिना नम्बरी स्कार्पियो गाड़ी, एक कार आई 20 हुण्डई, पांच पिस्टल, 10 जिन्दा कारतूस 7.65 एमएम, एक 12 बोर बंदूक मय 17 कारतूस व एक खाली खोखा, दो लोहे के मोटे पाइप बरामद किये।

Raju Teht gang (2)

राजू ठेहट गिरोह का सदस्य है देवीसिंह
पुलिस की प्रारम्भिक पुछताछ में पकड़े गये बदमाशों का सरगना देवीसिंह जाट निवासी ढ़ढ़ेरू तहसील बीदासर जिला चूरू जो कि आनन्दपालसिंह के विरोधी गुट राजू ठेहट गिरोह का सदस्य है, जो जुलाई 2014 में बीकानेर जेल में हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का सदस्य रहा है। वर्तमान में उक्त प्रकरण में जमानत पर चल रहा है। बीदासर में वह प्लाट पर कब्जे के विवाद में बाबूलाल की हत्या करने के इरादे से आया था।

Raju Teht gang (3)

ये हुए हैं गिरफ्तार
पुलिस ने देवीसिंह जाट निवासी ढ़ढेरू के साथ राजेन्द्र पुत्र कृष्णराम जाट उम्र 22 साल निवासी गोलूवाला जिला हनुमानगढ़, रामकिशन पुत्र धुड़ाराम जाट उम्र 23 साल निवासी बाना पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़, मूलचन्द पुत्र सूरजाराम जाट उम्र 25 साल निवासी झाड़ेली थाना नोखा हाल बंगलानगर पुराना शिव मन्दिर बीकानेर, सुभाष पुत्र रिछपाल जाट उम्र 33 साल निवासी बादूसर, रोहित यादव पुत्र सुबेसिंह यादव उम्र 21 साल निवासी सिखोहपुर पुलिस थाना खेड़की दोला हरियाणा के अलावा हरिराम उर्फ हरि पुत्र अमराराम कड़वासरा उम्र 30 साल निवासी पलाना पुलिस थाना देशनोक जिला बीकानेर भी शामिल था। जिसकी तलाश की जा रही है।

सेरूणा के होटल से लूटी थी स्कार्पियो
बीदासर फायरिंग प्रकरण में बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई स्कार्पियो गाड़ी 3 व 4 मार्च की दरमियानी रात्री को विकास होटल पुलिस थाना सेरूणा से देवीसिंह व उसके साथियों द्वारा लूटी गई थी। जिसका पुलिस थाना सेरूणा में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। देवीसिंह कईं मामलों में वांछित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here