पानी-बिजली की समस्या को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

शहर में मंगलवार सुबह भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विद्युत कटौती के खिलाफ विद्युत विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन कर विद्युत आपूर्ति नियमित किये जाने की मांग की। इस दौरान राज्य सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों पर सामाजिक न्याय मंत्री के दबाव में कार्य करते हुए भेदभाव करने के आरोप लगाये। सहायक अभियंता विजयसिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक घेरे रखा और विद्युत कटौती को लेकर सवाल जवाब किये। सूचना पर अधिशाषी अभियंता डी.सी. शिवरान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

शिवरान ने बताया कि गर्मी आने के साथ ही पचास हजार यूनिट की खपत बढ़ गई है। दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने की दशा में आंदोलन करने की चेतावनी दी। इससे पूर्व युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि बस्ती की महिलाओं के साथ जलदाय विभाग के कार्यालय में जाकर शहर में व्याप्त पेयजल समस्या को दूर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओंं व वाल्मीकि बस्ती की महिलाओं ने जेईएन जयराम को पेयजल व्यवस्था को लेकर जमकर खरी खोटी सुनाई। युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय चौहान ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से कहा कि शहर के लोग मीठे पानी को लेकर त्राही-त्राही कर रहे है।

चौहान सहित सैंकड़ो कार्यकर्ताओं ने शहरी एक्सईएन के कार्यालय में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नियमित पेयजल सप्लाई की मांग की। प्रदर्शन में नगरपरिषद नेता प्रतिपक्ष बुद्धिप्रकाश सोनी, भाजपा नेता वैद्य भंवरलाल शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय चौहान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष यशोदा माटोलिया, लीलाधर खण्डेलवाल, भंवरलाल गिलाण, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष रिछपाल बिजारणियां, मनीष दाधीच, स्वच्छ भारत प्रकल्प के नरेन्द्र गुर्जर, गंगाधर लाखन, मनोज पारीक सहित सैंकड़ो भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here