
गुजरात में भाजपा एवं हिमाचल में कांग्रेस की जीत पर दोनो ही पार्टियों के स्थानीय नेताओं इसे जनता जनार्दन का आदेश मानते हुए एक-दूसरे को पटखनी देने दावा किया है। शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप तोदी ने कांग्रेस की हिमाचल जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में विजय प्राप्त करने के साथ – साथ गुजरात में भी अपनी बढ़त बनाकर भाजपा को पीछे खिसकने के लिए बाध्य किया है। तोदी ने हिमाचल के भावी मुख्यमंत्री वीरभद्रसिंह को बधाई प्रेषित करते हुए केन्द्र की जनहितार्थ नीतियों की जीत बताया है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामवतार शर्मा ने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार की जनविरोधी एवं केन्द्र सरकार की आम जन हितार्थ नीतियों के परिणाम स्वरूप कांग्रेस ने हिमाचल में जीत दर्ज की है। शर्मा ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह तथा वीरभद्रसिंह को बधाई प्रेषित की है। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव उषा बगड़ा ने हिमाचल में कांग्रेस की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्ण बहुमत के साथ राजस्थान में कांग्रेस के दोबारा सत्ता में आने का विश्वास जताया है। बगड़ा ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार होने से विकास की राह पर पिछड़ रहा पूर्वांचल का यह प्रदेश राजस्थान की तरह विकास की रास्ते पर तेज गति से चलेगा तथा वहां की जनता को सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों का लाभ मिलेगा।
वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष यशोदा माटोलिया ने गुजरात में भाजपा की लगातार चौथी जीत पर प्रसन्नता जताते हुए इसे गुजरात में पार्टी के आम कार्यकर्ता व जनता जनार्दन की जीत बताया है। माटोलिया ने नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई प्रेषित करते हुए इसे केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को करारा जवाब बताया है। माटोलिया ने कहा कि जनता ने कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी व सोनिया गांधी को उतरप्रदेश, पंजाब, उतरांचल, बंगाल के बाद अब गुजरात में भी नकार दिया है। देश की जनता नेहरू गांधी परिवार से ऊब चूकी है।












