

युवक सेवा समिति के महासचिव सुरेन्द्र भार्गव ने केन्द्रीय सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता को पत्र प्रेषित कर सालासर रोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग 65 की भूमि खसरा संख्या 1117 एवं 208 पर हुए अतिक्रमणों से पानी व बिजली के कनेक्शन कटवाने की मांग की है। भार्गव ने पत्र में लिखा है कि भारत सरकार के पोत परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग 65 की भूमि खसरा संख्या 1117 एवं 208 पर भ्रष्ट प्रशासनिक एवं राजस्व कर्मियों सहित नगरपरिषद के भ्रष्ट अधिकारियों व भूमाफिया के अवैद्य गठजोड़ तथा भ्रष्टाचार के बल पर अवैैद्य अतिक्रमणों की बाढ़ आ गई है।
पत्र में बताया गया है कि भारत सरकार की भूमि पर अवैद्य निर्मित दुकानों, मकानात, नोहरें, होटलें व कॉमर्शियल बहुमंजिला कॉम्पलैक्सों में बिजली व पानी के कनेक्शन विधि के विपरीत प्रमुखता से दिये जाते हैं। पत्र में जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियन्ता नरेन्द्र पारीक पर भ्रष्टाचार सहित भारत सरकार की भूमि पर होने वाले अवैद्य निर्माण कार्योँ पर धड़ल्ले से बिजली चोरी होने एवं नियम विरूद्ध बिजली कनेक्शन देने का आरोप लगाया गया है। पत्र में अवैद्य निर्मित वाणिज्यक कटले की आवेदन पत्रावली खारिज होने के बावजूद कनेक्शन देने का आरोप है।












