
पूर्व शिक्षा मंत्री मा. भंवरलाल मेघवाल ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पांच माह में फ्लॉप हो गई है। मेघवाल अपने आवास जय निवास पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उनके द्वारा उठाये गये बिजली कटौती एवं अनियमित जलापूर्ति के मुद्दे पर बोलते हुए कह रहे थे कि सुशासन के दावे करने वाली भाजपा सरकार के पांच माह के शासन में ही हालात इतने चिन्ताजनक है, तो आगे के साढ़े चार साल में जनता किस प्रकार अपना गुजारा करेगी यह चिंता का विषय है। मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हमने हजारों मेगा वॉट बिजली पैदा कर किसानों के चेहरे पर कभी भी शिकन नहीं आने दी।
वहीं हर सभंव प्रयास कर शहरों सहित गांवों में भी नियमित पेयजलापूर्ति जारी रखी। पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि सुशासन व जनता से विकास के दावों के वादे करने वाली महारानी वसुंधरा से पूछो की अभी तो महज पांच माह का राज किया है जिसमें भी गर्मी के मौसम की शुरुआत में ही यह हालात है तो आने वाले दिनों में बिना पानी व बिजली के जनता के क्या हाल होंगे। 24 घंटे बिजली देने वाली भाजपा सरकार की हकीकत जनता के सामने आने लगी है। कई किसानों ने बैठक में सात घंटों की बजाय महत पांच घंटे बिजली की आपूर्ति की बात कही। वहीं जिला कांगे्रस प्रवक्ता मोहम्मद इदरीश गौरी ने शहर में बिना अनुमति के बिजली व पानी विभाग द्वारा शहर में लाखों की लागत से बनी सड़कों को रातों रात तोडऩे का मामला उठाया। इस पर पूर्व मंत्री ने कहा कि लाखों रूपयों की लागत से बनी सड़कों को इस प्रकार बेदर्दी से तोड़कर शहर के सौंदर्यकरण को बिगाडऩे के प्रयास सफल नहीं होने दिये जायेंगे। उन्होने कहा कि सुजानगढ़ कोई लावारिश नहीं है कि कोई भी विभाग मनमर्जी से सड़कों को तोड़कर कस्बेवासियों के लिए परेशानी पैदा करे, इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इस दौरान मोदी लहर पर चर्चा करते हुए श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मेघवाल ने कहा कि श्री गंगानगर में आठ विघानसभा में चार विघानसभा में कांग्रेस बढत लेगी और चार क्षेत्र में पीछे रह सकती है।
हनुमानगढ, श्री गंगानगर व अनूपगढ शहर में मोदी की लहर है लेकिन ग्रामीण इलाकों में मोदी की कोई लहर नही होकर स्थानीय मुददों पर आधारित चुनाव लडा गया। श्रीगंगानगर के संसदीय क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि गंगानगर की जनता ने लाड प्यार स्नेह मुझे दिया उसके लिए मै सदैव आभारी रहंूगा। शहर ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप तोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व जिला प्रमुख डॉ.बनारसी मेघवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी व जिप सदस्य पूसाराम गोदारा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष रामनारायण प्रजापत, राधेश्याम अग्रवाल, सत्यनारायण खाखोलिया, पार्षद भीकमचंद शर्मा, लालचंद शर्मा, विद्याप्रकाश बागरेचा, संजय औझा, मोहनलाल सारस्वत, मुकुल मिश्रा व खींवाराम मेहरड़ा सहित कई लोग मौजूद थे।













