
राजकीय महाविद्यालय में छात्र संघ कार्यालय के उद्घाटन समारोह में उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए लाडनूं विधायक ठाकुर मनोहरसिंह ने कहा कि युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। इसे अपने विचारों को सकारात्मक रखते हुए अपनी ऊर्जा का क्षेत्र एवं देश-प्रदेश के विकास में सदुपयोग करना चाहिये। उन्होने कहा कि दुनिया में आज तक जितने भी बदलाव हुए हैं, उनमें युवाओं ने महती भुमिका निभाई है। लाडनूं विधायक ने छात्रसंघ द्वारा उठाई गई महाविद्यालय की समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को सुजानगढ़ विधायक खेमाराम मेघवाल ने भी सम्बोधित किया, लेकिन उन्होने अनर्गल प्रलाप करने के अलावा कुछ नहीं कहा तथा महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा। मेघवाल को सुनने के लिए बैठे छात्र-छात्राओं तथा व्याख्याताओं को उनका भाषण सुनकर निराशा हुई। सुजानगढ़ नगरपरिषद के सभापति डा. विजयराज शर्मा ने महाविद्यालय में उगी कंटीली झाडिय़ों को उखाडऩे के लिए जेसीबी भेजने सहित नगरपरिषद स्तर किये जा सकने वाला सहयोग देने का आश्वासन दिया। अभाविप के राजेश गुर्जर ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन चरित्र और अभाविप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कवि हरिराम मेघवाल तथा कवि अशोक सेवदा ने काव्य पाठ किया।
मेघवाल ने जहां पति-पत्नि के परस्पर व्यवहार पर काव्य पाठ किया, वहीं सेवदा ने रूपये की गिरावट पर हास्य-व्यंग्य से भरपूर कविता के माध्यम से नैतिक चरित्र बचाये रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर लाडनूं की पूर्व प्रधान इन्द्रमणी दायमा, प्राचार्य मनीराम, विष्णुदत त्रिवेदी, वैद्य भंवरलाल शर्मा, देवाराम पटेल, नितिन पुजारी, बुद्धिप्रकाश सोनी, जीवण गुर्जर, गुलशेर खान आदि मंच पर विराजमान थे। संचालन कवि हरिश हिन्दूस्तानी ने किया।













