मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की दी जानकारी

स्थानीय उपखण्ड कार्यालय में तहसीलदार मूलचन्द लुणियां की अध्यक्षता में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित राजनैतिक पार्टियों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को जानकारी देते हुए तहसीलदार मूलचन्द लुणियां ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार फोटो युक्त मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने व संशोधन करवाने के लिए आगामी 15 अक्टूबर से 05 जनवरी 2013 तक विशेष अभियान चलाया जायेगा। लुणियां ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि फोटो युक्त मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 15 अक्टूबर सोमवार को होगा तथा सूचियों के सम्बन्ध में दावे एवं आपतियां प्रकाशन के दिन से यानि 15 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक प्राप्त की जायेगी। 21 व 28 अक्टूबर तथा 04 नवम्बर को अधिकृत अधिकारी आपके मतदान केन्द्र पर उपलब्ध रहेंगे। लुणियां ने बताया कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 05 जनवरी 2013 को होगा।

तहसीलदार ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 व 23 अक्टूबर को ग्राम सभा एवं नगरपालिका क्षेत्र में वार्ड सभाओं मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया जायेगा। लुणियां ने बताया कि 01 जनवरी 2013 को बालिग होने वाले मतदाता प्रारूप 6 में जन्म, निवास एवं रंगीन फोटो के साथ आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर विशेष अभियान पोस्टर का विमोचन भी किया गया। बैठक में नायब तहसीलदार सुभाषचन्द्र, पूर्व प्रधान व जिप सदस्य पूसाराम गोदारा, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप तोदी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष कमला गोदारा, भाजपा देहात मण्डल अध्यक्ष गणपत डोकीवाल, महामंत्री राजेन्द्र गिडिय़ा उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here